संदर्भ:
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स दुनिया के सभी पासपोर्टों की रैंकिंग है, जो उन गंतव्यों की संख्या के अनुसार है, जहां उनके धारक बिना पूर्व वीजा के पहुंच सकते हैं। सूचकांक में 199 विभिन्न पासपोर्ट और 227 विभिन्न यात्रा गंतव्य शामिल हैं। यह सूचकांक हेनले एंड पार्टनर्स द्वारा जारी किया गया है।
हेनले रिपोर्ट, 2023 में विश्व के देशों की रैंकिंग:
- प्रथम स्थान पर सिंगापुर है, जिसका पासपोर्ट आधिकारिक तौर पर दुनिया का सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट है। इसके नागरिक दुनिया भर के 227 में से 192 यात्रा स्थलों पर वीज़ा-मुक्त यात्रा करने में सक्षम हैं।
- जर्मनी, इटली और स्पेन सभी 190 गंतव्यों तक वीज़ा-मुक्त पहुंच के साथ दुसरे स्थान पर हैं।
- तीसरे स्थान पर जापान के साथ 6 अन्य देश – ऑस्ट्रिया, फिनलैंड, फ्रांस, लक्ज़मबर्ग, दक्षिण कोरिया और स्वीडन हैं। ये बिना पूर्व वीज़ा के 189 गंतव्यों तक पहुंच सकते हैं।
- विगत पांच वर्षो से शीर्ष स्थान पर रहने वाला जापान 2023 में तीसरे स्थान पर आ गया है।
- यू.के. दो पायदान चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गया, जबकि यू.एस. ने सूचकांक में अपनी दशक भर की गिरावट जारी रखी और दो पायदान गिरकर आठवें स्थान पर आ गया।
- लगभग 10 साल पहले 2014 में यू.के. और यू.एस. दोनों ने संयुक्त रूप से सूचकांक में पहला स्थान हासिल किया था।
हेनले रिपोर्ट,2023 में भारत की स्थिति:
भारत हेनले पासपोर्ट इंडेक्स, 2023 में 7 स्थानों की वृद्धि करते हुए 2022 के 87वें स्थान से 2023 में 80वें स्थान पर पहुंच गया है, हालांकि भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीज़ा-मुक्त पहुंच की अनुमति देने वाले देशों की संख्या अपरिवर्तित बनी हुई है।